ताज़ा ख़बर

शादी के 8 महीने बाद सरकारी शिक्षिका की संदिग्ध मौत, सचिवालय के निजी सचिव समेत 3 पर मुकदमा

देहरादून के हर्रावाला क्षेत्र में शादी के महज आठ महीने बाद सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सृष्टि की शादी नवंबर 2025 में उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात सौरभ खत्री से हुई थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उनका यह भी कहना है कि ससुर की मौत के बाद सृष्टि को ‘मनहूस’ कहकर अपमानित किया गया और परिवार की हर अनहोनी के लिए जिम्मेदार ठहराया गया। काफी समय तक बेटी से संपर्क नहीं होने पर परिजन देहरादून पहुंचे, जहां उन्हें उसकी मौत की जानकारी मिली। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने घटना की सूचना समय पर नहीं दी। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2) के तहत दहेज मृत्यु का मुकदमा दर्ज कर जांच सीओ वंदना वर्मा को सौंप दी है।