मुख्यमंत्री धामी ने पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ करते हुए विज्ञान, तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने सीमांत जनपद विज्ञान महोत्सव एवं संबंधित कार्यक्रमों के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने राज्य की STEM लैब्स को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने, सभी विकासखंडों में लैब ऑन व्हील्स स्थापित करने तथा प्रदेश के सभी जनपदों में विज्ञान एवं नवाचार केंद्र विकसित करने की घोषणा की।दो दिवसीय महोत्सव में चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के 240 चयनित बाल वैज्ञानिक प्रतिभाग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं के उत्तर दिए और उन्हें सवाल पूछने, नए विचार विकसित करने तथा शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के बाल वैज्ञानिक ही भविष्य के वैज्ञानिक, इंजीनियर और शोधकर्ता बनेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।उन्होंने विद्यालयी शिक्षा में AI, रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक को बढ़ावा देने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून में साइंस सिटी और चंपावत में साइंस सेंटर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विज्ञान और आधुनिक तकनीक के माध्यम से नवाचार, स्मार्ट कृषि और रोजगार की संभावनाओं को विस्तार दिया जाएगा।
