ताज़ा ख़बर

धामी सरकार का बड़ा कदम: कुंभ-2027 को मिलेगी वैश्विक पहचान, CM ने किया लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण

हरिद्वार की धार्मिक विरासत, मां गंगा की महिमा और सनातन संस्कृति का संदेश पहुंचेगा देश-दुनिया तक

हरिद्वार कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य और विश्वस्तरीय पहचान दिलाने की दिशा में मुख्यमंत्री धामी ने महत्वपूर्ण पहल की है। सोमवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में मुख्यमंत्री ने कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। इस पहल के जरिए कुंभ की आध्यात्मिक महत्ता, धार्मिक विरासत और सांस्कृतिक वैभव को आधुनिक संचार माध्यमों के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाया जाएगा।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। राज्य सरकार कुंभ-2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

लोगो में दिखेगी हरिद्वार की आध्यात्मिक पहचान

कुंभ के आधिकारिक लोगो में मां गंगा, हरकी पैड़ी, धनुष पुल, सूर्योदय, शिव प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को दर्शाया गया है। राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों से प्राप्त सैकड़ों प्रविष्टियों में से हरिद्वार के जगजीतपुर निवासी मधु शर्मा के डिजाइन का चयन किया गया।

वेबसाइट से मिलेगी कुंभ की जानकारी

आधिकारिक वेबसाइट https://haridwarkumbh.uk.gov.in के माध्यम से श्रद्धालुओं और आगंतुकों को कुंभ से जुड़ी प्रामाणिक जानकारियां उपलब्ध कराने की पहल की गई है। इससे देश-विदेश के श्रद्धालु डिजिटल माध्यम से आयोजन से जुड़ सकेंगे। ‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत से गूंजेगा आस्था का संदेश कुंभ के आधिकारिक गीत ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ की रचना, गायन और संगीत हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने किया है। गीत के जरिए कुंभ के आगमन, श्रद्धालुओं के उत्साह और सनातन परंपरा की भावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।