ताज़ा ख़बर

रुद्रपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 29 प्रतिबंधित कछुए बरामद

ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में वन विभाग की सुरक्षा टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के घर से 29 जीवित प्रतिबंधित कछुए बरामद किए हैं। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। प्रभागीय वनाधिकारी तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर यू.सी. तिवारी एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन में प्रभारी सुरक्षा दल कैलाश तिवारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रांजिट कैंप निवासी राजेश सरकार अपने घर में प्रतिबंधित कछुओं को छिपाकर उनका अवैध व्यापार कर रहा है।सूचना के आधार पर सुरक्षा दल ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान बाथरूम में रखे एक टब से 29 जीवित प्रतिबंधित कछुए बरामद किए गए। वन विभाग ने आरोपी को हिरासत में लेकर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।वन विभाग ने अपराध में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UK06 Z 4491 को भी जब्त कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है