ताज़ा ख़बर

रामनगर में अवैध लीसा तस्करी का भंडाफोड़, कैंटर से 9 लाख के करीब के 390 कनस्तर बरामद

रामनगर में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध लीसा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। भंडारपानी मार्ग पर ग्रासलैंड के पास चेकिंग के दौरान टीम ने एक कैंटर को रोककर तलाशी ली। कैंटर से 390 कनस्तर अवैध लीसा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस और वन विभाग की टीम अब लीसा के स्रोत और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।रामनगर में देर रात पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम को अवैध लीसा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली।भंडारपानी मार्ग स्थित ग्रासलैंड के पास टीम संदिग्ध वाहनों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान टीम ने कैंटर संख्या UK18/CA-9162 को रोककर उसकी तलाशी ली।तलाशी के दौरान कैंटर के अंदर बड़ी संख्या में लीसा के कनस्तर मिले। गिनती करने पर कुल 390 कनस्तर लीसा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक बरामद लीसा की अनुमानित कीमत करीब नौ लाख रुपये है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लीसा पहाड़ी क्षेत्र से रामनगर की ओर लाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से कैंटर चालक प्रेम पुत्र टीकम, निवासी धारी, नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं कार्रवाई के दौरान एक अन्य व्यक्ति मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।रामनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के मुताबिक सूचना के आधार पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने भंडारपानी मार्ग पर निगरानी की थी। संदिग्ध कैंटर को रोककर जांच की गई तो उसमें भारी मात्रा में लीसा बरामद हुआ।पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में लीसा के बेतालघाट क्षेत्र की ओर से रामनगर लाए जाने की बात सामने आई है। कैंटर और बरामद लीसा को कब्जे में ले लिया गया है और वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैअब जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में लीसा कहां से लाया गया था और इसे रामनगर में कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही फरार आरोपी समेत इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।