ताज़ा ख़बर

जंगल से सटे खेत में मृत मिला नर हाथी, वन विभाग ने शुरू की जांच

ऊधम सिंह नगर के खटीमा से एक बेहद गंभीर खबर सामने आई है। खटीमा रेंज के उत्तरी बनबसा कंपार्टमेंट नंबर-5 से लगे जंगल में एक नर हाथी मृत अवस्था में मिला है। घटनास्थल पर बिजली के तार मिलने के बाद प्रथमदृष्ट्या करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एक संदिग्ध से पूछताछ भी की जा रही है। रविवार को शारदा नहर किनारे सुरंग के पास स्थित एक खेत में करीब 10 से 15 वर्ष आयु का टस्कर मृत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही वन बीट आरक्षी दीपू सिंह ने अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद रेंजर हरेंद्र बिष्ट सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी।घटना की सूचना मिलते ही डीएफओ हिमांशु बांगड़ी समेत वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। हल्द्वानी से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल ने डॉ. राहुल सती की अध्यक्षता में हाथी का पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद शव को दफना दिया गया। हाथी के सभी अंग सुरक्षित पाए गए और उसके दांतों को सुरक्षित संरक्षित कर लिया गया है।घटनास्थल पर मिले बिजली के तारों के आधार पर वन विभाग को प्रथमदृष्ट्या करंट लगने से मौत की आशंका है। मौके से सैंपल भी लिए गए हैं और उनकी जांच कराई जा रही है। वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि करंट वाले तार किसने लगाए थे और उन्हें किस स्थान से जोड़ा गया था। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। टस्कर की उम्र लगभग 10 से 15 वर्ष के बीच है। उसके सभी अंग सुरक्षित मिले हैं। घटनास्थल पर बिजली के तार मिले हैं, जिससे प्रथमदृष्ट्या करंट लगने से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एक-दो दिन में प्राप्त होगी, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। यदि जांच में कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।”