चमोली
जनपद चमोली के कर्णप्रयाग क्षेत्र के ग्राम नौंगांव के लिए गर्व का क्षण है। ग्राम नौंगांव, पोस्ट बरतोली, तहसील कर्णप्रयाग निवासी आयुष सिंह ने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन, त्याग और समर्पण के बल पर भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून से प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर शनिवार 13 जून 2026 को आयोजित पासिंग आउट परेड (पीओपी) के बाद आयुष सिंह बतौर लेफ्टिनेंट आसाम रेजिमेंट में अपनी सेवाएं देंगे।
आयुष सिंह स्वर्गीय नारायण सिंह के पुत्र बिशन सिंह के सुपुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गौरव का माहौल है। आईएमए के ऐतिहासिक ड्रिल स्क्वायर पर “भारत माता तेरी कसम, तेरे रक्षक बनेंगे हम” के जोशीले नारों और एक साथ उठते फौलादी कदमों के बीच युवा अधिकारियों ने देश सेवा का संकल्प लिया। इसी गौरवशाली पल के साथ आयुष सिंह भी भारतीय सेना के अधिकारी के रूप में देश की सेवा के लिए तैयार हुए।
आयुष सिंह की इस सफलता पर उनके परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। समस्त क्षेत्रवासियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।


