ताज़ा ख़बर

खटीमा में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज, नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ जोरदार स्वागत!

जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कांग्रेस ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है।खटीमा स्थित कांग्रेस कार्यालय में नगर कांग्रेस कमेटी, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ और किसान कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।कार्यक्रम में खटीमा विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भुवन चंद्र कापड़ी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।इस दौरान नगर कांग्रेस के संरक्षक मंडल सहित वरिष्ठ उपाध्यक्ष पप्पू अली, संगठन महासचिव पंकज टम्टा, नगर उपाध्यक्षों, महासचिवों और सचिवों का सम्मान किया गया।वहीं किसान कांग्रेस के नवनियुक्त विधानसभा अध्यक्ष सुखविंदर पंढेर और ब्लॉक अध्यक्ष नितिन राणा का भी माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।कार्यक्रम में अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव विजय शंकर यादव और सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव हर्ष बहादुर चंद को भी सम्मानित किया गया।इस मौके पर विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं।उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से आपसी तालमेल और एकजुटता के साथ काम करने तथा कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को जनता के बीच मजबूती से उठाने का आह्वान किया।कापड़ी ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना सभी पदाधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।वहीं सम्मान समारोह के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। सभी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।अब देखना होगा कि खटीमा में कांग्रेस की नई टीम आने वाले दिनों में संगठन को जमीनी स्तर पर कितना मजबूत कर पाती है।