ताज़ा ख़बर

रामनगर में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की तैयारी, पूछड़ी में कल गरज सकता है बुलडोजर!

रामनगर के पूछड़ी क्षेत्र में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारियां तेज कर दी हैं। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अपर कोसी क्षेत्र में प्रस्तावित ध्वस्तीकरण अभियान को लेकर वन विभाग और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। करीब 82 मकानों पर कार्रवाई प्रस्तावित है और इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। पूरे इलाके को 4 सुपर जोन, 7 जोन और 14 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा का खाका तैयार किया गया है। पुलिस और प्रशासन की तैयारियों को देखते हुए कल बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होने की संभावना है।दरअसल, रामनगर के पूछड़ी स्थित अपर कोसी क्षेत्र में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ पुनीत तोमर के मुताबिक, इस क्षेत्र में पहले चरण में 51 मकानों को ध्वस्त किया जा चुका है। वहीं दूसरे चरण में इससे सटे क्षेत्र के 92 मकानों को लेकर नोटिस जारी करने, अपील और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं। इनमें से करीब 8 से 9 मकानों को न्यायालय से स्थगन आदेश मिला हुआ है। ऐसे में शेष लगभग 82 मकानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित है।