ताज़ा ख़बर

बनबसा शारदा बैराज में बढ़ा जलस्तर, भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक

जनपद चंपावत के पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के चलते शारदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए बनबसा-शारदा-बैराज मार्ग पर स्थित पुल से भारी वाहनों की आवाजाही फिलहाल बंद कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है। लगातार बारिश के कारण बनबसा शारदा बैराज के गेट भी खोल दिए गए हैं। बैराज से छोड़े जा रहे पानी का असर उत्तर प्रदेश के कई जिलों पर पड़ सकता है। इनमें पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, गोंडा, बहराइच और सीतापुर सहित कई जिले शामिल हैं। आगे चलकर शारदा नदी का पानी घाघरा नदी में समाहित होता है। वहीं प्रशासन और सिंचाई विभाग की ओर से जलस्तर और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही लोगों से भी नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की गई है।