ताज़ा ख़बर

मुख्यमंत्री धामी ने आईजीएनएफए में प्रशिक्षु वन अधिकारियों को किया संबोधित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (IGNFA) में भारतीय वन सेवा (IFS) के 2025-2027 बैच के परिवीक्षार्थियों एवं रॉयल भूटान वन सेवा के प्रशिक्षणरत अधिकारियों के साथ संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में देश के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन और उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) की गरिमामयी उपस्थिति रही।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वन, वन्यजीव और जैव विविधता के संरक्षण के साथ ही पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन स्थापित करने में वन सेवा के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि बदलते पर्यावरणीय परिदृश्य में वन अधिकारियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है।मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षणरत युवा अधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें अपने ज्ञान, कौशल और संवेदनशीलता के साथ देश की समृद्ध प्राकृतिक विरासत के संरक्षण तथा जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए।उन्होंने कहा कि वन सेवा के अधिकारी केवल वन और वन्यजीवों के संरक्षण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और विकास को प्रकृति के अनुरूप आगे बढ़ाने में भी उनकी अहम भूमिका है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी युवा अधिकारी आने वाले समय में देश की प्राकृतिक संपदा और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी कार्य करेंगे।