ताज़ा ख़बर

खटीमा में नीलगाय का शव मिलने से हड़कंप!

ऊधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र के ग्राम जादोपुर में एक नीलगाय का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पशु चिकित्साधिकारी की मौजूदगी में नीलगाय का पोस्टमार्टम कराया गया। अब मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। खटीमा के ग्राम जादोपुर में ग्रामीणों ने खेत के पास एक नीलगाय को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही उप वन प्रभाग अधिकारी संचिता वर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आर. आर. चंदोला को मौके पर बुलाकर नीलगाय का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग की टीम ने नीलगाय के शव को नियमानुसार दफना दिया। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आर. आर. चंदोला ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार नीलगाय की मृत्यु लगभग 2 जुलाई के आसपास होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि जांच के लिए आवश्यक सैंपल सुरक्षित कर लिए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।वहीं उप वन प्रभाग अधिकारी संचिता वर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई और नियमानुसार शव का अंतिम निस्तारण कराया। फिलहाल विभाग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।