उत्तराखंड सरकार के “सेवा, सुशासन और समर्पण” कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को डोईवाला नगर पालिका क्षेत्र के भानियावाला में बहुद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर आमजन की समस्याओं को सुना गया और अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, विद्युत, पेयजल, समाज कल्याण, कृषि विभाग सहित तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम में डोईवाला विधायक बृज भूषण गैरोला, डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी और नगर पालिका ईओ एमएल शाह भी पहुंचे और लोगों से सीधे संवाद किया।डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि “सरकार का उद्देश्य है कि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके घर द्वार पर मिले। भानियावाला में लगे इस शिविर में लोगों की बिजली, पानी, सफाई और पेंशन से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। हमने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि लंबित मामलों को 15 दिन के अंदर निपटाया जाए। नगर पालिका क्षेत्र में इस तरह के शिविर आगे भी लगाए जाएंगे।”डोईवाला विधायक बृज भूषण गैरोला ने कहा कि “सेवा और सुशासन ही सरकार की प्राथमिकता है। आज भानियावाला में जो भी लोग अपनी समस्याएं लेकर आए, उनके प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को सौंप दिया गया है। हमारी कोशिश है कि जनता को तहसील और कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। सरकार की योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचे, इसके लिए यह शिविर बेहद जरूरी हैं।”डोईवाला नगर पालिका ईओ एमएल शाह ने कहा कि “शिविर में सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और भवन संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया है। शेष मामलों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हमारा प्रयास है कि नागरिकों को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं मिलें।”शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता पहुंची और आयुष्मान कार्ड, वृद्धा पेंशन, राशन कार्ड और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदन जमा किए। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की।
सेवा सुशासन और समर्पण कार्यक्रम के तहत भानियावाला में लगा बहुद्देश्यीय शिविर
