विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसी के साथ इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का भी विधिवत समापन हो गया।कपाट बंद होने की प्रक्रिया तड़के 4 बजे विशेष पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई। इस दौरान पूरा धाम बाबा केदार के जयकारों से गूंज उठा। कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली मंदिर परिसर का भ्रमण कर शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई।डोली का पहला रात्रि प्रवास रामपुर में होगा। 12 नवंबर को डोली गुप्तकाशी और 13 नवंबर को ऊखीमठ पहुंचेगी। अगले छह महीनों तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। श्रद्धालु अब ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।
शीतकाल के लिए बंद हुए बाबा केदारनाथ के कपाट, ओंकारेश्वर मंदिर रवाना हुई डोली
