रामनगर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। टेड़ा गांव का बरसाती नाला बारिश के बाद अचानक उफान पर आ गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि नाला पार करना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया। इसी बीच सामान और एक सवारी लेकर नाला पार कर रहा थ्री-व्हीलर तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बहने लगा। गनीमत रही कि यात्री ने समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जबकि चालक को स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।तस्वीरें रामनगर के टेड़ा गांव के बरसाती नाले की हैं।जहां लगातार हो रही बारिश के बाद नाले ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया। तेज बहाव के चलते नाले को पार करना बेहद खतरनाक हो गया था। हालात ऐसे थे कि नाले के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोग पानी का बहाव कम होने का इंतजार करते नजर आए।लेकिन इसी दौरान एक थ्री-व्हीलर सामान और एक सवारी लेकर टेड़ा गांव की ओर जाने के लिए नाला पार करने लगा।जैसे ही थ्री-व्हीलर तेज बहाव के बीच पहुंचा।पानी का दबाव बढ़ गया और वाहन अपना संतुलन खो बैठा।देखते ही देखते तेज धार थ्री-व्हीलर को अपने साथ बहाकर ले जाने लगी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।स्थिति को भांपते हुए थ्री-व्हीलर में बैठे यात्री ने तत्काल वाहन से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई।वहीं, चालक भी पानी के तेज बहाव में फंस गया।चालक को मुश्किल में देख मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और रेस्क्यू शुरू कर दिया।काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
जान जोखिम में डालकर नाला पार कर रहा था थ्री-व्हीलर, तेज बहाव में बहा
