ताज़ा ख़बर

ब्रिटिशकालीन पुल के पीलर पर स्थापित की जा रही मां यमुना की प्रतिमा को लेकर विवाद बढ़ गया

हरिपुर घाट के पास ब्रिटिशकालीन पुल के पीलर पर स्थापित की जा रही मां यमुना की प्रतिमा को लेकर विवाद बढ़ गया है। भाजपा नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल के विरोध के बाद अब लोक पंचायत ने प्रतिमा स्थापना का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया है। लोक पंचायत ने रामशरण नौटियाल को 15 दिन के भीतर प्रस्तावित श्याम सेतु की स्वीकृति जनता के सामने रखने की चुनौती दी है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रीम प्रोजेक्ट हरिपुर घाट के पास ब्रिटिशकालीन पुल के पीलर पर मां यमुना की प्रतिमा स्थापित की जानी है। करीब 22 लाख रुपये की लागत वाली प्रतिमा गुजरात से हरिपुर घाट पहुंच चुकी है और स्थापना की तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी हैं।

लेकिन 25 जुलाई को भाजपा नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल ने प्रतिमा स्थापना पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐतिहासिक पुल के पीलर पर बिना अनुमति के प्रतिमा स्थापित की जा रही है, जबकि यहां श्याम सेतु प्रस्तावित है।इसके बाद लोक पंचायत जमुना तीर्थ समिति ने पत्रकार वार्ता कर रामशरण नौटियाल के आरोपों पर पलटवार किया। लोक पंचायत का कहना है कि प्रतिमा स्थापना से श्याम सेतु के निर्माण में कोई बाधा नहीं है, लेकिन अब तक श्याम सेतु की न तो कोई स्वीकृति है और न ही ऐसी कोई योजना सामने आई है।लोक पंचायत ने विवाद को देखते हुए फिलहाल प्रतिमा स्थापना का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।