हल्द्वानी में टांडा रोड पर शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। एस बैंड के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने दोनों को 108 एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी मनोज कत्याल के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे एक राहगीर ने पुलिस को टांडा रोड पर एस बैंड के पास सड़क किनारे बाइक के पेड़ से टकराने और दो युवकों के अचेत पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मोटरसाइकिल संख्या UK06BN8480 दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली, जबकि उसके पास दोनों युवक पड़े थे। पुलिस के मुताबिक दोनों के सिर और मुंह से खून निकल रहा था तथा शरीर में अकड़न पाई गई घटना की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया
टांडा रोड पर दर्दनाक हादसा, पेड़ से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत
