जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा में 1 सितंबर 1994 के खटीमा गोलीकांड से जुड़े आंदोलनकारियों को अब तक न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए आंदोलनकारियों ने सोमवार को उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।आंदोलनकारी हरीश कोठारी ने कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके साथ आंदोलन में शामिल 634 लोगों को राज्य आंदोलनकारी घोषित किया जा चुका है, लेकिन कुछ लोगों को अब भी उनका हक और पहचान नहीं मिल पाई है।हरीश कोठारी ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे आत्मदाह जैसे कदम उठाने को मजबूर होंगे।वहीं, उपजिलाधिकारी खटीमा तुषार सैनी ने बताया कि आंदोलनकारियों की ओर से दिए गए ज्ञापन में उन्हें चिन्हित करने की मांग की गई है। ज्ञापन को आवश्यक कार्रवाई के लिए आगे प्रेषित कर दिया गया है। शासन स्तर से जो भी निर्णय प्राप्त होगा, उसकी जानकारी आंदोलनकारियों को दे दी जाएगी।
खटीमा गोलीकांड के आंदोलनकारियों ने उठाई न्याय की मांग, आत्मदाह की चेतावनी
