मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर आईआरडीटी सभागार में आयोजित महानगर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचार आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना डॉ. मुखर्जी के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार डॉ. मुखर्जी के विचारों को आत्मसात करते हुए समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून जैसे ऐतिहासिक फैसलों के माध्यम से सुशासन और समान न्याय की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, होमस्टे, स्टार्टअप और महिला स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण किया जा रहा है।मुख्यमंत्री धामी ने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
