उत्तराखंड में पहली बार SIM Box के जरिए चल रहे अवैध टेलीकॉम गेटवे का एसटीएफ ने भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ की साइबर कुमाऊं यूनिट ने बाजपुर, उधमसिंहनगर में छापा मारकर एक युवक को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं। एसटीएफ को बाजपुर के मुडिया, ईदगाह के पास एक मकान में अवैध गेटवे चलने का इनपुट मिला था। छापे में पुलिस ने कादिर पुत्र जाबिर आली निवासी मुरादाबाद यूपी को गिरफ्तार किया। मौके से 2 SIM Box, 77 एंटीना, 114 एयरटेल सिम कार्ड, राउटर, मोबाइल और अन्य टेलीकॉम उपकरण बरामद हुए हैं।जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी और VoIP कॉल्स को SIM Box के जरिए भारतीय लोकल नंबर में बदल देता था, जिससे कॉल रिसीव करने वाले को विदेशी नंबर की जगह भारतीय नंबर दिखता था। इससे पहचान और लोकेशन छिपाने में मदद मिलती थी। ये नेटवर्क पिछले 7 महीने से चल रहा था और इसके तार बांग्लादेश के साइबर अपराधियों से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक इस तकनीक का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट, फर्जी अधिकारी बनकर ठगी जैसे साइबर अपराधों में किया जा रहा था। इससे सरकार और टेलीकॉम कंपनियों को राजस्व का नुकसान भी हो रहा था। आरोपी पहले भी 2023 में मुरादाबाद में इसी तरह के मामले में गिरफ्तार हो चुका है और फिलहाल जमानत पर था। एसटीएफ अब उसके बैंक खातों, विदेशी संपर्कों और सिम उपलब्ध कराने वाले एजेंटों की जांच कर रही है।
उत्तराखंड में पहली बार SIM Box गैंग का पर्दाफाश, 114 सिम बरामद
