ताज़ा ख़बर

ग्राफिक एरा हॉस्पिटल पर गंभीर आरोप, जनसंघर्ष मोर्चा ने दी आंदोलन की चेतावनी

विकासनगर में जनसंघर्ष मोर्चा ने ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, धूलकोट देहरादून पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि अस्पताल मरीजों में भय का माहौल बनाकर ऑपरेशन के नाम पर लाखों रुपये जमा कराने का दबाव डालता है। उनका आरोप है कि जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता नहीं होती, उन्हें भी ऑपरेशन के लिए प्रेरित किया जाता है।नेगी ने दावा किया कि एक माइनर ब्रेन हेमरेज मरीज को तत्काल ऑपरेशन की जरूरत बताकर 25 लाख रुपये जमा करने को कहा गया, जबकि दूसरे विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बिना ऑपरेशन के करीब सवा लाख रुपये में उसका सफल उपचार कर एक सप्ताह में घर भेज दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल मृत मरीजों के परिजनों से भी स्टेंट, वेंटिलेटर और दवाइयों के नाम पर अतिरिक्त वसूली करता है। एक मामले में मरीज की मृत्यु के बाद परिजनों से सवा दो लाख रुपये मांगे गए, जबकि हस्तक्षेप के बाद लगभग 18-20 हजार रुपये में शव सौंपा गया।मोर्चा का आरोप है कि बाहरी राज्यों के मरीजों से भी जमकर वसूली की जाती है तथा आयुष्मान योजना के नाम पर सरकार को नुकसान पहुंचाने के साथ अतिरिक्त शुल्क भी लिया जाता है। मोर्चा ने अस्पताल प्रबंधन को चेतावनी दी कि यदि कथित लूटपाट बंद नहीं हुई तो बड़े आंदोलन के साथ अस्पताल पर ताला लगाने की मांग की जाएगी।