ताज़ा ख़बर

धनगढ़ी पुल के लोकार्पण के बाद सियासत तेज, भाजपा ने सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार का लगाया आरोप

रामनगर में धनगढ़ी पुल के लोकार्पण के बाद अब इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा ग्रामीण मंडल ने विपक्ष पर सोशल मीडिया के जरिए सरकार और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि विकास कार्यों को बदनाम करने के लिए भ्रामक प्रचार किया जा रहा है:बीते 5 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने धनगढ़ी पुल का लोकार्पण किया था। लंबे समय से इस पुल की मांग की जा रही थी। मानसून के दौरान धनगढ़ी बरसाती नाले में जलस्तर बढ़ने से कुमाऊं और गढ़वाल का संपर्क बाधित हो जाता था और कई हादसे भी हो चुके थे। पुल के शुरू होने से अब लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।इसी बीच भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष घनश्याम शर्मा ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग सरकार और केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वन ग्राम सुंदरखाल में बिजली और इंटरनेट की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष अपनी बात रखी थी, जिस पर उन्होंने मुख्यमंत्री से चर्चा कर समाधान का भरोसा दिया था। लेकिन उसी वीडियो को भ्रामक तरीके से प्रस्तुत कर यह प्रचारित किया जा रहा है कि मंत्री ग्रामीणों के सवालों का जवाब नहीं दे पाए:घनश्याम शर्मा ने कहा कि सरकार वन ग्रामों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर गंभीर है और रामनगर विधानसभा के सभी वन ग्रामों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी माहौल को देखते हुए कुछ लोग विकास कार्यों को नजरअंदाज कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं