ताज़ा ख़बर

सीमांत क्षेत्र में शहीद स्मारक एवं विशाल तिरंगे का हुआ लोकार्पण…

 मुख्यमंत्री ने वीरों के सर्वस्व बलिदान को किया नमन

नेपाल-भारत सीमा पर स्थापित शहीद स्मारक देश सेवा और बलिदान का प्रतीक 

 मुख्यमंत्री ने वीर नारियों और वीरता पदक विजेता को किया सम्मानित, शहीदों को अर्पित की श्रद्धांजलि

सैनिक परिवार से आता हूं, सैनिकों और उनके परिवारों से मेरा गहरा भावनात्मक जुड़ाव” :धामी 

भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा बनबसा में .मुख्यमंत्री धामी ने अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत सैनिक स्मारक एवं झंडा पार्क का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया।इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। एसएसबी जवानों द्वारा बिगुल वादन के बीचमुख्यमंत्री सहित उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं स्वयं एक सैनिक का पुत्र हूँ, इसलिए सैनिकों के सम्मान हेतु इस पावन कार्य में सहभागी बनना मेरे लिए अत्यंत भावुक और गर्व की बात है।” उन्होंने कहा कि यह शहीद स्मारक आने वाली पीढ़ियों को सदैव यह याद दिलाता रहेगा कि हमारे देश के वीर जवान किन विषम और कठिन परिस्थितियों में देश की रक्षा में डटे रहते हैं। यह स्मारक युवाओं को देश सेवा, त्याग और समर्पण की निरंतर प्रेरणा देता रहेगा।.मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में वीर नारियों एवं वीरता पदक विजेताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने वीर नारियों एवं भूतपूर्व सैनिकों से संवाद किया और एसएसबी जवानों के साथ फोटो खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में सैनिकों का योगदान सर्वोपरि है और सैनिकों तथा उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।