गौचर, कर्णप्रयाग और खेती में मुख्यमंत्री पर बरसे फूल, आदिबद्री में दुकानदारों और बच्चों से किया आत्मीय संवाद
विधानसभा सत्र में प्रतिभाग करने के लिए भराड़ीसैंण (गैरसैंण) रवाना हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रुद्रप्रयाग और चमोली जनपद में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। गौचर, कर्णप्रयाग और खेती सहित विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

रुद्रप्रयाग पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। वहीं, चमोली जनपद में विधायकों अनिल नौटियाल और भूपाल राम टम्टा समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने आदिबद्री में स्थानीय दुकानों पर पहुंचकर दुकानदारों और बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों का कुशलक्षेम जाना और आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल पूछा। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों से मिले स्नेह और स्वागत के लिए मुख्यमंत्री ने सभी का आभार व्यक्त किया।

गैरसैंण में विधानसभा सत्र के लिए मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान जगह-जगह हुआ स्वागत क्षेत्र में उनके प्रति लोगों के उत्साह और आत्मीयता की तस्वीर पेश करता नजर आया।
