नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद देहरादून की संस्था गोरखा सुधार सभा ने बड़ी पहल की है। सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने कहा कि गोरखा सुधार सभा की ओर से एक दल नेपाल में राहत वितरण कार्य के लिए जाएगा। पदम सिंह थापा ने कहा कि पड़ोसी देश नेपाल में आई आपदा से वहां के लोगों के साथ-साथ भारत-नेपाल के पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की भी दुखद मौत हुई है। इस दुख की घड़ी में हम भारतीय गोरखा पीड़ित परिवारों के साथ हैं।उन्होंने बताया कि नेपाल में विगत 26 अगस्त को आई आपदा के बाद 29 अगस्त को गोरखा सुधार सभा ने सहयोग हेतु विचार-विमर्श किया। इस बैठक में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और पूर्व सैन्य अधिकारियों एवं विभिन्न संगठनों ने भाग लिया।पिछले 15 दिनों में सभी के संयुक्त प्रयास से एक सम्मानित धनराशि एकत्रित की जा चुकी है और यह क्रम अभी भी जारी है। विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया है कि गोरखा सुधार सभा स्वयं नेपाल जाकर राहत कार्य करेगी और एक गाँव को गोद लेकर राहत सामग्री पहुंचाएगी।
