रामनगर में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। भवानीगंज क्षेत्र में नाले के ऊपर बने कई पक्के अवैध निर्माणों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। पालिका प्रशासन का कहना है कि नालों और फुटपाथों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका रामनगर द्वारा मानसून को देखते हुए शहर के नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भवानीगंज क्षेत्र में नाले के ऊपर किए गए अवैध पक्के निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की गई। पालिका की टीम जेसीबी और कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण ध्वस्त करना शुरू किया।नगर पालिका के अनुसार, शनिवार को भी इसी स्थान पर कार्रवाई की गई थी। उस दौरान कुछ लोगों ने स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए एक दिन का समय मांगा था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद मंगलवार को दोबारा अभियान चलाकर अवैध निर्माणों को तोड़ दिया गया।
रामनगर में नाले पर अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई
