ताज़ा ख़बर

सड़कों में गड्ढों पर लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई : बीजेपी

प्रदेश में सड़कों की बदहाल स्थिति और गड्ढों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं कि जनता की सुविधा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का पहला दायित्व जनता की सेवा करना है और सरकार किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। नवीन ठाकुर ने बताया कि मानसून से पहले मुख्यमंत्री ने प्रमुख अधिकारियों और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़कों, नालों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है तो राज्य सरकार उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार जवाबदेही तय करने में विश्वास रखती है और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।