राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोरापड़ाव क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है। यहाँ गलत दिशा (रोंग साइड) से आ रहे एक तेज रफ्तार केंटर ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटना के तुरंत बाद मोटरसाइकिल में भीषण आग लग गई, जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, केंटर संख्या UK 04 CC 0462 हल्द्वानी से लालकुआं की ओर रोंग साइड में आ रहा था। गोरापड़ाव पेट्रोल पंप के समीप इस केंटर की टक्कर सामने से आ रही बाइक संख्या UK 04 T 1532 से हो गई। हादसे के वक्त मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल बाइक सवारों को समय रहते सुरक्षित निकाला और तत्काल उपचार के लिए हल्द्वानी अस्पताल भिजवाया, जहाँ उनका इलाज जारी है।फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद बाइक में लगी आग पर काबू पाया।
रोंग साइड से आए केंटर ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे के बाद बाइक में लगी भीषण आग
