अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में न्याय की मांग को लेकर आज देहरादून में सामाजिक कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। राजधानी में हो रही तेज मूसलाधारn बारिश के बावजूद भारी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता सीबीआई कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने मामले में चल रही जांच की सुस्त रफ्तार पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस पूरे प्रकरण में मुख्य आरोपी और उससे जुड़े कड़ियों पर तो बात हो रही है, लेकिन उस कथित वीआईपी के नाम का खुलासा अब तक नहीं किया गया है, जिसके इर्द-गिर्द यह पूरा मामला घूमा था। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर प्रशासन और जांच एजेंसियां उस वीआईपी को क्यों बचा रही हैं और अब तक उससे पूछताछ क्यों नहीं की गई।नाराज सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सीबीआई कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और सरकार व जांच एजेंसियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक अंकिता भंडारी के हत्यारों और पर्दे के पीछे छिपे वीआईपी को बेनकाब कर सख्त सजा नहीं दी जाती, तब तक उनका यह आंदोलन थमेगा नहीं। तेज बारिश के बीच भी कार्यकर्ताओं का हौसला डगमगाया नहीं और उन्होंने अंकिता को न्याय दिलाने के संकल्प को दोहराया।
अंकिता हत्याकांड: दोषियों को सजा दिलाने की मांग..
