ताज़ा ख़बर

नगरासू गुरुद्वारा विवाद के बाद हालात सामान्य, प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में हुए विवाद के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में होने की बात कही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा सामान्य रूप से संचालित हो रही है तथा कहीं भी किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि गुरुद्वारे में सेवादारों और कुछ निहंग सिख यात्रियों के बीच हुए विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से वार्ता कर स्थिति को संभाला। प्रशासन, पुलिस और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति लगातार संवाद के माध्यम से समाधान की दिशा में कार्य कर रहे हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि यात्रा मार्ग, यातायात व्यवस्था और सभी धार्मिक गतिविधियां पूरी तरह सामान्य हैं। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।