मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरि सेवा आश्रम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ एवं विशाल संत सम्मेलन में प्रतिभाग करते हुए संत-महात्माओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और जीवन के वास्तविक उद्देश्य से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। मुख्यमंत्री ने संत समाज को भारतीय संस्कृति और राष्ट्र चेतना का संवाहक बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए दौर से गुजर रहा है, जिसमें अयोध्या, काशी, महाकाल लोक और केदारनाथ जैसे धार्मिक स्थलों का पुनर्विकास प्रमुख उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, भू-कानून तथा युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कदमों का भी उल्लेख किया।
हरि सेवा आश्रम पहुंचे सीएम धामी, संत सम्मेलन में किया संत-महात्माओं का अभिनंदन
