देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आयुष विभाग और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें आयुष विभाग के 271 और ईएसआई योजना के 61 कार्मिक शामिल हैं। नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं के चेहरे खिले नजर आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरी केवल रोजगार नहीं, बल्कि जनसेवा का अवसर है। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से सेवाभाव, संवेदनशीलता और पूरी ईमानदारी के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था धामी सरकार की प्राथमिकता है, ताकि प्रदेश के युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता का पूरा हक मिल सके। नकल माफिया पर सख्ती और नकल विरोधी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के बीच सरकार के अनुसार पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार दिया जा चुका है। यह आंकड़ा राज्य में सरकारी भर्तियों के लगातार विस्तार को दर्शाता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को ‘आयुष प्रदेश’ और ‘ग्लोबल वेलनेस हब’ बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। सभी जिलों में आयुष सेवाओं का विस्तार, आधुनिक पंचकर्म सेवाएं और आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही ईएसआई स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सभी 13 जिलों तक किया गया है। धामी ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और क्षमता ही विकसित एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है।
332 युवाओं को नियुक्ति पत्र, धामी सरकार ने रोजगार के संकल्प को दी नई मजबूती
