अल्मोड़ा, 27 मई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अल्मोड़ा पहुंचकर जनपद को लगभग 138 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 17 योजनाओं का लोकार्पण तथा 9 योजनाओं का शिलान्यास किया।
अल्मोड़ा स्थित सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के नवीन प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, नगर विकास एवं ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था तथा पेयजल योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा जनपद सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन योजनाओं के पूर्ण होने से जनपदवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा की जनता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार जनसेवा एवं प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, कुलपति सतपाल सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री द्वारा जिन प्रमुख योजनाओं का लोकार्पण किया गया, उनमें सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन एवं कुलपति आवास निर्माण, विभिन्न बहुस्तरीय पार्किंग निर्माण, पेयजल योजनाएं, मोटर मार्गों का सुधारीकरण, बाढ़ सुरक्षा कार्य और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। वहीं शिलान्यास की गई योजनाओं में सड़क डामरीकरण, मंदिर सौंदर्यीकरण, बैराज निर्माण और विद्यालय भवन निर्माण जैसी योजनाएं शामिल रहीं।
