ताज़ा ख़बर

विधायकों को आजीवन इलाज, आमजन को सिर्फ 5 लाख क्यों : रघुनाथ सिंह नेगी

गंभीर बीमारियों में आयुष्मान योजना का कवर 15-20 लाख करने की मांग, जन संघर्ष मोर्चा ने तहसील में किया प्रदर्शन

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा कार्यकर्ताओं ने मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में विकासनगर तहसील में प्रदर्शन और घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गंभीर बीमारियों में आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाली धनराशि को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 से 20 लाख रुपये किए जाने की मांग उठाई।

मोर्चा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी विकासनगर श्री विनोद कुमार को सौंपते हुए कहा कि कैंसर, किडनी, हार्ट सर्जरी, लिवर ट्रांसप्लांट जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में वर्तमान 5 लाख रुपये का आयुष्मान कवर पर्याप्त नहीं है।

मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश के वर्तमान एवं पूर्व विधायक, मंत्री तथा उनके परिजनों को आजीवन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है और उनके इलाज पर लाखों रुपये खर्च होने पर भी सरकार पूरा खर्च वहन करती है, जबकि आम जनता को केवल 5 लाख रुपये तक की सीमित सुविधा दी गई है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों ने जनप्रतिनिधियों को चुना, उन्हीं आमजन के स्वास्थ्य की चिंता सरकार नहीं कर रही है।

नेगी ने कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार आर्थिक रूप से टूट जाते हैं। कई परिवार कर्ज में डूब जाते हैं, घर बेचने तक की नौबत आ जाती है और कई लोग इलाज के अभाव में दम तोड़ देते हैं। ऐसे में राज्य सरकार को अपने संसाधनों से गंभीर बीमारियों के लिए आयुष्मान योजना का कवर बढ़ाकर कम से कम 15 से 20 लाख रुपये करना चाहिए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

प्रदर्शन एवं घेराव कार्यक्रम में विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, मोहम्मद आरिफ, हाजी असद, के.सी. चंदेल, अमित जैन, अतुल हांडा, महिपाल रावत, नसीम, इस्लाम, आरपी भट्ट, अंकुर वर्मा, सरोज गांधी, गुरचरण सिंह, कुंवर सिंह चौहान, राहुल गोयल सहित बड़ी संख्या में मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *