मुख्यमंत्री धामी ने गुरुवार को कोलागढ़ में आयोजित जनसभा के माध्यम से कैंट विधानसभा क्षेत्र को 48.44 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कुल 23 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 29.41 करोड़ रुपये की 10 योजनाओं का लोकार्पण और 19.03 करोड़ रुपये की 13 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।मुख्यमंत्री ने शास्त्रीनगर नाले के पुनर्निर्माण, हरवंश कपूर राजकीय इंटर कॉलेज में डिग्री कॉलेज खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने, कांवली रोड के चौड़ीकरण, पांच करोड़ रुपये से सड़कों के निर्माण तथा विभिन्न वार्डों में ट्यूबवेल लगाने की घोषणा की। गोविंदगढ़ और विजय पार्क में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने तथा प्रेमनगर को नगर पालिका में शामिल करने की दिशा में भी कार्रवाई का भरोसा दिया।जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। जनता का विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे को प्रदेश की तस्वीर बदलने वाली परियोजनाएं बताया।मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी, तीन लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने और 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने का काम हुआ है।उन्होंने महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वरोजगार, पर्यटन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सरकार के प्रयासों को भी रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है।
कैंट विधानसभा को धामी की बड़ी सौगात, 48.44 करोड़ की 23 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, 8 नई घोषणाएं
