राजधानी और स्मार्ट सिटी देहरादून में ट्रैफिक अनुशासन की जरूरत, सीएम धामी से मिजोरम जैसी व्यवस्था लागू करने की अपील
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून प्रदेश का प्रमुख शहर होने के साथ-साथ स्मार्ट सिटी भी है। लेकिन शहर की सड़कों और फुटपाथों की मौजूदा स्थिति कई सवाल खड़े करती है। जहां एक ओर फुटपाथ ठेलियों और अतिक्रमण से पटे पड़े हैं, वहीं दूसरी ओर सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी आम बात होती जा रही है।ऐसे में सवाल उठता है कि जब उत्तराखंड एक पहाड़ी राज्य है और यहां की संस्कृति भी शांतिपूर्ण एवं सभ्य रही है, तो फिर देहरादून में ट्रैफिक अनुशासन की ऐसी स्थिति क्यों है?मिजोरम की राजधानी आइजोल इसका एक बेहतर उदाहरण है। वहां लोग बिना वजह हॉर्न नहीं बजाते, वाहन एकल लेन में चलाते हैं और अपनी बारी का इंतजार करते हैं। खास बात यह है कि वहां का अनुशासन केवल पुलिस के डर से नहीं, बल्कि नागरिकों की स्वेच्छा और सामाजिक जिम्मेदारी से दिखाई देता है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अनुरोध है कि देहरादून सहित उत्तराखंड के प्रमुख शहरों में भी आइजोल जैसी ट्रैफिक व्यवस्था और नागरिक अनुशासन विकसित करने की दिशा में ठोस पहल की जाए। फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो।क्योंकि स्मार्ट सिटी केवल नाम या परियोजनाओं से नहीं बनती, बल्कि वहां की व्यवस्था और नागरिकों के व्यवहार से बनती है।इसी को कहते हैं The Quality of Society यानी समाज की गुणवत्ता।
