मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘दिल की बात, अंकल धामी के साथ’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के करीब 8 लाख स्कूली बच्चों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल जुड़े धामी ने बच्चों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों से उनके परिवार, दीपावली की तैयारियों और पढ़ाई के बारे में आत्मीयता से बातचीत की।मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि आज के विकसित उत्तराखंड की मजबूत नींव भी हैं। उनके सपने, प्रतिभा, सुझाव और नई सोच प्रदेश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और नई चीजें सीखने के लिए प्रेरित किया।धामी ने ‘विकल्प रहित संकल्प’ का अर्थ समझाते हुए कहा कि जब हम कोई लक्ष्य निर्धारित कर लेते हैं तो उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत, लगन और दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ना चाहिए। लक्ष्य प्राप्ति के रास्ते में चुनौतियां आएं तो उनसे घबराना नहीं चाहिए, बल्कि लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। यही सफलता का मंत्र है।मुख्यमंत्री ने त्योहारों को भारतीय संस्कृति, पारिवारिक एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए स्वच्छता अपनाने, सुरक्षित दीपावली मनाने, पटाखों से दूर रहने और दीये जलाते समय बड़ों की निगरानी में रहने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान और ‘वोकल फॉर लोकल’ का उल्लेख करते हुए मिट्टी के दीये तथा स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदने का आह्वान किया, ताकि स्थानीय लोगों की आजीविका को मजबूती मिल सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर शहरों और गांवों तक के बच्चों को एक साथ जोड़ना संभव हुआ है। भविष्य में इस कार्यक्रम को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीक से और अधिक उपयोगी एवं संवादात्मक बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इससे पहले ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों ने निबंधों के माध्यम से उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विचार और सुझाव साझा किए थे। बच्चों के इन सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उपयोगी सुझावों पर भविष्य की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में भी विचार किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को खूब पढ़ने, खूब खेलने और अपनी प्रतिभा से माता-पिता, प्रदेश तथा देश का नाम रोशन करने का संदेश दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि बच्चों की मेहनत, रचनात्मक सोच और सकारात्मक ऊर्जा विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम योगदान देगी।
