जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा में आगामी दीपावली, धनतेरस और भैया दूज के त्योहारों को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए खटीमा पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। कोतवाल खटीमा ने व्यापारियों से बातचीत करते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की। पुलिस ने व्यापारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी दुकानों के बाहर और अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखें और उनका रुख सड़क की ओर रखें, ताकि संदिग्ध गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा सके। साथ ही दुकानों के आगे और पीछे पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।बैठक में टुक-टुक (ई-रिक्शा) चालकों को भी त्योहारी भीड़ के मद्देनजर निर्धारित रूटों का पालन करने और अव्यवस्थित पार्किंग से बचने की सख्त हिदायत दी गई। हालांकि, मानवीय पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति या गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाने वाले ई-रिक्शों पर किसी प्रकार की रोक-टोक नहीं होगी।वहीं, व्यापारियों ने भी प्रशासन के समक्ष मुख्य बाजारों में लगने वाले जाम और खड़ंजा रोड से जुड़ी समस्याओं को उठाया। व्यापारियों ने सुझाव दिया कि धनतेरस और दीपावली पर खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों की सुविधा के लिए शहर में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जाए, जिससे सड़कों पर जाम न लगे।पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों की मांगों और सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है
त्योहारी सीजन में जाम और अपराध पर लगेगी लगाम: खटीमा पुलिस ने व्यापारियों संग बनाई रणनीति, सीसीटीवी और पार्किंग पर जोर
