ताज़ा ख़बर

किसानों पर आफत बरसी तो तुरंत बाजपुर पहुंचे धामी, खराब मौसम में बदला हेलीकॉप्टर का रुख

ओलावृष्टि प्रभावित खेतों का हवाई और स्थलीय निरीक्षण, किसानों को राहत का भरोसा; अधिकारियों को तत्काल नुकसान आकलन के निर्देश

किसानों की फसलों पर ओलावृष्टि की मार पड़ते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्र का रुख किया। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बाजपुर में भीषण ओलावृष्टि की सूचना मिलते ही हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे मुख्यमंत्री ने खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर बाजपुर की ओर मोड़ने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने पहले प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और फिर बाजपुर में उतरकर खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर फसलों को हुए नुकसान और उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित फसलों का तत्काल विस्तृत सर्वेक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाए और पात्र किसानों को नियमानुसार राहत देने की कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नुकसान के आकलन से लेकर राहत वितरण तक किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।.