डोईवाला के कुड़कावाला बस्ती में देर रात आवारा कुत्तों ने जमकर आतंक मचाया। कुत्तों के एक झुंड ने पशुपालक की बाड़ में घुसकर भेड़-बकरियों पर हमला कर दिया। इस हमले में 33 भेड़-बकरियों की मौत हो गई, जिससे पशुपालक जोनी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।बताया जा रहा है कि पशुपालक जोनी के पास लगभग 90 भेड़-बकरियां थीं। देर रात अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने बाड़े पर हमला कर दिया। कुत्तों के भौंकने और हमले से सभी पशु बुरी तरह सहम गए और डर के मारे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए। भगदड़ और दम घुटने से मौके पर ही 33 भेड़-बकरियों की मौत हो गई। सुबह जब पशुपालक बाड़े में पहुंचा तो नजारा देखकर उसके होश उड़ गए वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. पूजा पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आवारा कुत्तों का ही हमला प्रतीत हो रहा है। कुत्तों के हमले के बाद सभी भेड़-बकरियां अत्यधिक डर गईं और एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गईं, जिसके कारण दम घुटने और चोट लगने से उनकी मौत हुई है। कुछ पशुओं पर कुत्तों के काटने के निशान भी मिले हैं।
डोईवाला के कुड़कावाला बस्ती में आवारा कुत्तों का आतंक, हमले से 33 भेड़-बकरियों की मौत
