ताज़ा ख़बर

इंसेंटिव बढ़ाने और मूलभूत सुविधाओं की मांग पर ब्लिंकिट वर्कर्स का कार्य बहिष्कार

रुद्रपुर के मलिक कॉलोनी स्थित ब्लिंकिट स्टोर पर शुक्रवार को कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर दिया। कर्मचारियों का आरोप है कि भीषण गर्मी के बावजूद कंपनी इंसेंटिव में बढ़ोतरी नहीं कर रही है। इसके अलावा ग्राहकों से कैरी बैग का शुल्क लेने के बावजूद पर्याप्त संख्या में पेपर बैग उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें खुले में सामान की डिलीवरी करनी पड़ रही है। कर्मचारियों ने स्वच्छ पेयजल, साफ शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई मौके पर पहुंचे समाजसेवी सुशील गाबा ने कर्मचारियों का समर्थन करते हुए कहा कि मलिक कॉलोनी स्थित ब्लिंकिट स्टोर पर प्रतिदिन लगभग 2500 ऑर्डर आते हैं। कंपनी प्रत्येक ऑर्डर पर कैरी बैग का शुल्क वसूलती है, लेकिन कर्मचारियों के अनुसार स्टोर में पर्याप्त संख्या में पेपर बैग उपलब्ध नहीं कराए जाते। ऐसे में कई ग्राहकों तक बिना बैग के सामान पहुंचाना पड़ता है, जिससे ग्राहकों और डिलीवरी पार्टनरों दोनों को असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से महिलाओं से जुड़े निजी उपयोग के सामान की खुली डिलीवरी कई बार शर्मिंदगी का कारण बनती है।कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि स्टोर में पीने के लिए स्वच्छ पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, शौचालयों की सफाई संतोषजनक नहीं रहती तथा ड्यूटी के दौरान बैठने के लिए भी उचित इंतजाम नहीं है