ताज़ा ख़बर

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय रेल मंत्री से की मुलाकात, उत्तराखंड की रेल परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर उत्तराखंड की महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं, रेल संपर्क के विस्तार और यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने मुंबई-देहरादून के बीच वंदे भारत अथवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस शुरू करने, मुंबई-हरिद्वार और मुंबई-रामनगर रेल सेवाओं की आवृत्ति बढ़ाने तथा देहरादून-कोटा रेल सेवा को सूरत, वडोदरा और मुंबई तक विस्तारित करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में शीघ्र रेल संचालन शुरू करने, किच्छा-सितारगंज-खटीमा नई रेल लाइन की लागत केंद्र सरकार द्वारा वहन करने तथा हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन दोहरीकरण का लंबित कार्य जल्द पूरा कराने की भी मांग रखी। उन्होंने हरिद्वार, देहरादून, रुड़की, टनकपुर, बनबसा सहित कई रेलवे स्टेशनों के सौंदर्यीकरण एवं विस्तार का भी आग्रह किया।मुख्यमंत्री के अनुरोध पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बनबसा रेलवे स्टेशन पर त्रिवेणी एक्सप्रेस, मथुरा एक्सप्रेस और दौराई एक्सप्रेस के ठहराव को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड की विभिन्न रेल परियोजनाओं एवं अन्य प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से चारधाम यात्रा, कुम्भ-2027, पर्यटन, व्यापार और प्रदेश की रेल कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।