ताज़ा ख़बर

राष्ट्रीय खेल नीति के अनुरूप बनेगी उत्तराखंड की नई खेल नीति: धामी

मुख्यमंत्री धामी ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया तय समय के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकतम खिलाड़ियों को खेल विभाग में ही समायोजित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए।मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के अनुरूप उत्तराखंड की नई खेल नीति बनाने के निर्देश दिए। साथ ही गोलापार, हल्द्वानी स्थित राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय में आगामी माह से शैक्षणिक सत्र शुरू करने, प्रवेश प्रक्रिया और कोच व कर्मचारियों की नियुक्ति में तेजी लाने को कहा।धामी ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए विकसित खेल अवसंरचना के बेहतर रखरखाव की कार्ययोजना तैयार करने, “एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम” योजना में तेजी लाने और “एक जिला-एक खेल” के तहत प्रतिभा पहचान, कोचिंग और खेल नर्सरी विकसित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी अभी से शुरू की जाए। विभिन्न खेलों के विशेष प्रशिक्षण शिविर संचालित किए जाएं ताकि उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी अपनी अलग पहचान स्थापित कर सके।