उत्तराखंड के चार धाम यात्रा के पड़ाव हरिद्वार, ऋषिकेश और बद्रीनाथ केदारनाथ धाम समेत कई जगहों को बम से उड़ाने का मेल मिलने के बाद उत्तराखंड पुलिस की इंटेलिजेंस पूरी तरह से सक्रिय हो चुकी है। मेल मिलने के बाद एसटीएफ की साइबर टीम ने इसको ट्रैक करने का प्रयास किया। इसके बाद यह मेल कहां से आई है इसकी जानकारी मिल सकी। एसटीएफ उत्तराखंड के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि 22 जून को सुबह करीब साढ़े 9 बजे मसूरी एसडीएम कार्यालय में मेल प्राप्त हुई थी और कई संवेदनशील स्थानों के साथ ही गृहमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम भी धमकी भरे मेल में शामिल किए गए थे, मेल की संवेदनशीलता को देखते हुए साइबर कमांडो की टीम ने इसको ट्रैक किया। इसकी प्राथमिक तौर पर लोकेशन उत्तर अफ्रीकी देश मोरक्को में पाई गई। जबकि मेल भेजने वाला व्यक्ति यूनाइटेड स्टेट का रहने वाला पाया गया। उन्होंने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसमें केंद्रीय एजेंसियों से भी संपर्क किया गया है और आगे की जानकारी भी पता लगाई जा रही है।
मोरक्को से आई धमकी भरी मेल, चारधाम समेत कई संवेदनशील स्थान हाई अलर्ट पर
