देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कुवांवाला में आयोजित “नशामुक्त युवा, विकसित भारत का भविष्य” युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, योग, कौशल, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण में लगाने के लिए प्रेरित किया।राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान’ के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। परिवार से शुरू होने वाला संवाद, शिक्षा, खेल, योग और सकारात्मक सोच युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि यदि कोई साथी नशे की समस्या से जूझ रहा है तो उसका उपहास न उड़ाएं, बल्कि उसका हाथ थामकर संवाद करें और उसे उचित सहायता तक पहुंचाएं।कार्यक्रम में सीआईएमएस एवं यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज तथा सजग इंडिया के चेयरमैन ललित जोशी समेत नशामुक्ति के लिए कार्य कर रहे संस्थानों, शिक्षकों, चिकित्सकों, पुलिसकर्मियों और युवाओं के प्रयासों की सराहना की गई।
