भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रुद्रप्रयाग में एसआईआर-2026 निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने आयोजित पत्रकार वार्ता में अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई, 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जा चुका है। इसके बाद 13 अगस्त, 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। वहीं, दावों एवं आपत्तियों एव नोटिस की सुनवाई केदारनाथ विधानसभा में 27 अगस्त ,जबकि रुद्रप्रयाग विधानसभा में 29 अगस्त तक कि जाएगी,उन्होंने बताया कि 01 अगस्त, 2026 तक जनपद में कुल 45,734 नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से 12,569 नोटिसों का वितरण किया जा चुका है। नोटिस वितरण की प्रक्रिया को और अधिक गति देने के लिए सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO), बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि जिन नागरिकों को अपने नाम, पते अथवा अन्य विवरण में संशोधन कराना हो, नया नाम जुड़वाना हो या किसी प्रकार की दावा-आपत्ति प्रस्तुत करनी हो, वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय अथवा अन्य अधिकृत माध्यमों से आवेदन अवश्य करें।
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज, जनपदवासियों से समय पर दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की अपील
