ताज़ा ख़बर

मुख्यमंत्री धामी ने संत समाज का लिया आशीर्वाद, बोले—धार्मिक स्थलों का विकास और देवभूमि की संस्कृति की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार के ब्रह्म निवास आश्रम में पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज के 51वें निर्वाण दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग कर संत समाज का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत समाज ने सदैव धर्म, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज ने सेवा, सत्य, भक्ति और समाज को जोड़ने का संदेश दिया, जो आज भी प्रेरणादायी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का स्वर्णिम काल चल रहा है और उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों का विकास सरकार की प्राथमिकता है।

केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण के साथ मंदिर माला मिशन के तहत धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं से श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों के लिए तीर्थयात्रा सुगम होगी।उन्होंने कहा कि देवभूमि की पवित्रता, मूल स्वरूप और सांस्कृतिक पहचान सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है। अवैध निर्माण और संस्कृति को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्म, विकास, ज्ञान और नवाचार के माध्यम से उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने का अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है।