ताज़ा ख़बर

धामी कैबिनेट की बैठक संपन्न, 13 प्रस्तावों पर लगी मुहर; अग्निवीरों को भर्ती में अतिरिक्त छूट

हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक संपन्न हो गई। बैठक में विकास और जनहित से जुड़े 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में अतिरिक्त छूट, हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल के लिए 10 एकड़ जमीन और बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली को मंजूरी जैसे अहम फैसले लिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान जनता के बीच जाकर करने के उद्देश्य से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कैबिनेट बैठकें आयोजित की जा रही हैं। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र की तारीख पर भी निर्णय लिया गया। हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन स्थित सीसीआर सभागार में हुई कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि बैठक में कुल 13 प्रस्तावों पर मुहर लगी है।कैबिनेट ने अग्निवीरों को समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों पर भर्ती में पहले से लागू 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण के अतिरिक्त लिखित परीक्षा, शारीरिक परीक्षा और निर्धारित ऊंचाई में भी छूट देने का निर्णय लिया है।इसके अलावा बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली को मंजूरी दी गई। हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल के लिए 10 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। ऋषिकुल स्थित मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान का संचालन सोसायटी मोड में किया जाएगा। वहीं, भगवानपुर की सरकारी आवासीय योजना में सड़क के मानकों में भी संशोधन को मंजूरी दी गई।