ताज़ा ख़बर

पीएम मोदी के जन्मदिवस पर होगा सेवा पखवाड़ा…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उत्तराखंड पीएम की मन भूमि है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सबसे अहम रहेगी। मुख्यमंत्री ने सचिवालय मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि अभियान का मूल भाव सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के तहत 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में गैस केंद्रों, राशन दुकानों, धार्मिक स्थलों और गंगा तट पर दीप प्रज्वलन होगा। मेरे सपनों का भारत के तहत स्कूलों में चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा के तहत जगह-जगह ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के साथ साइकिल-बाइक यात्रा, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे। सीएम ने कहा कि सेवा पखवाड़े के दौरान सरकार के अब तक के कार्यों और राज्य में हुए विकास को जनता के सामने रखा जाएगा। प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिलों में कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे। युवाओं, महिलाओं, लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।