ताज़ा ख़बर

श्रीनगर मेयर आरती भंडारी बीजेपी में शामिल, गढ़वाल में बढ़ा भाजपा का कुनबा

उत्तराखंड में बीजेपी का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। आज देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक भव्य कार्यक्रम में श्रीनगर नगर निगम की मेयर आरती भंडारी अपने पति लखपत भंडारी और कई समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। उनके साथ 8 निर्दलीय और 2 कांग्रेस पार्षदों ने भी भगवा दामन थामा। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई। पार्टी का दावा है कि इससे गढ़वाल क्षेत्र में संगठन और मजबूत होगा। श्रीनगर की मेयर आरती भंडारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में जो विकास कार्य हो रहे हैं उससे प्रभावित होकर मैंने भाजपा ज्वाइन की है। मैं पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के लिए काम करूंगी और श्रीनगर का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करूंगी। वहीं उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि आज श्रीनगर नगर निगम की मेयर आरती भंडारी, लखपत भंडारी और कई जनप्रतिनिधियों का भाजपा परिवार में स्वागत है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास की डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। आरती भंडारी जी के आने से श्रीनगर के विकास को नई गति मिलेगी। हम सब मिलकर गढ़वाल का सर्वांगीण विकास करेंगे।